loader
The Haryana Story | सुनैना चौटाला का सरकार पर तीखा हमला, बोलीं "धान घोटालेबाज किसान नहीं, भाजपा के एजेंट थे"

सुनैना चौटाला का सरकार पर तीखा हमला, बोलीं "धान घोटालेबाज किसान नहीं, भाजपा के एजेंट थे"

महिला आरक्षण पर कांग्रेस-भाजपा की 'नूरा कुश्ती' का पर्दाफाश, सुनैना चौटाला ने भिवानी में सरकार को घेरा

इनेलो (INLD) की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला आज भिवानी पहुंचीं, जहाँ उन्होंने स्थानीय जाट धर्मशाला में आयोजित एक विवाह समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की वर्तमान स्थिति, खासकर मंडियों में फसल खरीद के दौरान आ रही समस्याओं को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

बायोमैट्रिक प्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल

मंडियों में चल रही फसल खरीद की प्रक्रिया पर बोलते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि किसान, कमेरा और व्यापारी एक-दूसरे के पूरक हैं, लेकिन सरकार की नई बायोमैट्रिक प्रणाली ने तीनों को ही संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा, "आज किसानों की जमीन या तो महिलाओं के नाम है या उन युवाओं के नाम जो विदेशों में जा चुके हैं। अब विदेश गए व्यक्ति को बायोमैट्रिक के लिए यहाँ बुलाना व्यावहारिक रूप से असंभव है। यह सरकार की सोची-समझी साजिश है जिससे किसान परेशान हो रहा है।"

"धान घोटालेबाज किसान नहीं, भाजपा के एजेंट थे"

सरकार द्वारा धान घोटाले का हवाला देकर बायोमैट्रिक अनिवार्य किए जाने के तर्क पर सुनैना चौटाला ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान घोटाला करने वाले साधारण किसान नहीं थे, बल्कि वे भाजपा के ही नुमायंदे और एजेंट थे। सरकार को कार्रवाई उन पर करनी चाहिए थी, लेकिन उसकी सजा आज आम किसान को दी जा रही है।

अभय चौटाला के प्रयासों का नहीं मिला सकारात्मक जवाब

सुनैना चौटाला ने जानकारी दी कि इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने खुद मुख्यमंत्री से मिलकर इस समस्या के समाधान की अपील की थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसी कारण इनेलो अब सीधा मंडियों में जाकर किसानों की आवाज उठा रही है।

महिला आरक्षण पर कांग्रेस-भाजपा को घेरा

महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर चल रही खींचतान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे कांग्रेस और भाजपा की 'नूरा कुश्ती' करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां केवल दिखावा कर रही हैं और धरातल पर महिलाओं के हितों के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं दिख रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×