हरियाणा के पानीपत में नेशनल हाईवे-709 एडी (हरिद्वार हाईवे) पर स्थित कुराड़ फार्म के पास बुधवार शाम करीब 4:00 बजे धान की पराली और ईंख के फसल अवशेषों के एक बड़े स्टॉक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब पांच एकड़ के खुले मैदान वाले क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में कई किलोमीटर दूर तक धुएं के काले गुबार और लावे जैसी तेज लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे हाईवे से गुजरने वाले मुसाफिरों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
तेज हवाओं ने रौद्र रूप दिया, 6 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पुलिस, सनौली खुर्द थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। तेज हवाओं के चलने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति पर काबू पाने के लिए पानीपत शहर, समालखा, हुडा और लालबत्ती फायर स्टेशनों से दमकल की 5 से अधिक गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब 5 से 6 घंटे की भारी मशक्कत और संयुक्त ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
फैक्ट्रियों और UP में होती थी सप्लाई
स्टॉक के मैनेजर मूलचंद ठाकुर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग दो एकड़ के मुख्य परिसर और आसपास फैले क्षेत्र में धान की पराली तथा गन्ने के अवशेषों की कई हजार गांठें स्टोर करके सुरक्षित रखी गई थीं। इन तैयार गांठों की अधिकांश आपूर्ति विभिन्न फैक्ट्रियों में ईंधन के रूप में की जाती थी, जबकि कुछ हिस्से को उत्तर प्रदेश में पशुओं के चारे के तौर पर बेचने के लिए रखा गया था। इस आगजनी के कारण हजारों गांठें जलकर पूरी तरह राख हो गई हैं, जिससे लाखों रुपये के भारी नुकसान का अनुमान है।
अधिकारियों का बयान और जांच शुरू
फायर स्टेशन पानीपत के मुख्य अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि शाम लगभग 5:00 बजे उन्हें आग के विकराल होने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद आसपास के सभी दमकल केंद्रों को अलर्ट कर गाड़ियां बुलाई गईं और संयुक्त टीम ने आग को आगे बढ़ने से रोका। राहत की बात यह रही कि इस भीषण घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। सनौली खुर्द थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने के सही कारणों जैसे शॉर्ट सर्किट या अन्य वजह का पता नहीं चल पाया है, पुलिस टीम नुकसान के सटीक आकलन और कारणों का पता लगाने में जुटी है।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?