मालवीय नगर का हादसा दिल्ली की कहानी नहीं, हर उस शहर की चेतावनी है जहाँ नक्शे में पार्किंग और कागज़ पर लाइसेंस है, पर ज़मीन पर ताले और दुकानें। 3 जून 2026 को लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट से सटे होटल में आग लगी, 21 लोगों की मौत हुई और 37 लोगों को बाहर निकाला गया। कई मेहमान मैक्स अस्पताल के पास रुकने आए विदेशी पर्यटक थे। बेसमेंट में लोग सो रहे थे, पर बाहर से ताला लगा था, जो पुलिस को काट कर खोलना पड़ा। इमारत में दूसरा एग्जिट ही नहीं था, एक ही मुख्य रास्ता था और आग उसी के पास लगी, इसलिए लोग खिड़कियों से कूदे।
यही पैटर्न पानीपत में क्यों खतरनाक है ?
पानीपत में जीटी रोड, सनौली रोड, सेक्टर 24,मॉडल टाउन और सेक्टर 13-18 में यही तीन चीजें दिखती हैं, पहला पार्किंग का गायब होना - नक्शे में स्टिल्ट पार्किंग, मौके पर बैंक्वेट का किचन, कोचिंग की बेंच या अस्पताल की दवा दुकान। फायर टेंडर को घुसने की जगह नहीं मिलती। दूसरा आकार बड़ा, सुरक्षा छोटी - हरियाणा नियम के अनुसार 4300 वर्गफुट से बड़े मॉल, हॉस्पिटल, कोचिंग में फायर उपकरण अनिवार्य हैं, और निगम ऐसे भवनों को नोटिस देता है। हाल की जांचों में कई जगह एग्जिट पॉइंट ब्लॉक मिले हैं और तीसरा पुरानी रेगुलराइजेशन का दुरुपयोग - 2014 की हरियाणा पॉलिसी ने पुराने मैरिज पैलेस/बैंक्वेट को सीमित समय के लिए नियमित किया था। उसी कागज को दिखा कर कई जगह नई मंजिलें जोड़ दी गईं, पर फायर एस्केप वैसा ही रहा।
पार्किंग को पार्किंग रहने दें
फायर + नगर निगम + टाउन प्लानिंग की एक टीम, एक हफ्ते में हर होटल, बैंक्वेट, कोचिंग, नर्सिंग होम का नक्शा-मिलान। जहाँ पार्किंग में निर्माण है, वहाँ से बेसमेंट पर रोक, कोचिंग या अस्पताल का वेटिंग एरिया बेसमेंट में पूरी तरह बंद। दिल्ली में ताला लगी मौतें यही दिखाती हैं - एक रास्ता मौत का रास्ता है। मालवीय नगर ने दिखा दिया कि एक ताला और एक बंद एग्जिट 21 परिवार उजाड़ सकता है। पानीपत में अभी भी मौका है पार्किंग को पार्किंग रहने दें, और व्यापार को पहले सुरक्षित बनाएं।
पानीपत में 4 नए होटलों को नोटिस जारी
पानीपत जिले में बिना फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट के अवैध रूप से चल रहे होटलों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अग्निशमन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 और होटलों को नए नोटिस जारी किए हैं। इससे पहले भी विभाग की ओर से शहर के 29 होटल संचालकों को बिना वैध फायर NOC के इमारतें चलाने पर नोटिस थमाए जा चुके हैं। लगातार मिल रही इन चेतावनियों के बाद शहर के होटल व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है। चारों होटल संचालकों को तय समय सीमा के भीतर जवाब देने और तुरंत फायर एनओसी के लिए आवेदन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी 29 होटलों पर गिर चुकी है गाज
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे कुछ समय पहले भी पानीपत के विभिन्न इलाकों जैसे जीटी रोड, रिफाइनरी रोड और मुख्य बाजारों में सर्वे किया गया था। उस दौरान 29 होटल और व्यावसायिक इमारतें ऐसी पाई गई थीं, जो बिना किसी फायर एनओसी के धड़ल्ले से चल रही थीं। उन सभी को भी विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी कर सीलिंग और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
क्यों जरूरी है फायर NOC और क्या होगी कार्रवाई?
होटल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर रोजाना सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। ऐसे में बिना फायर सेफ्टी के इन्हें चलाना सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है। यदि नोटिस के बाद भी होटल संचालक फायर सेफ्टी मानक पूरे नहीं करते हैं, तो उनका कमर्शियल लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। जिला प्रशासन पुलिस बल के सहयोग से ऐसी अवैध इमारतों को सील करने की तैयारी में है। नियमों की अनदेखी पर संचालकों के खिलाफ एफआईआर और भारी जुर्माने का भी प्रावधान है।अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का साफ कहना है कि किसी भी सूरत में सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में यह चेकिंग अभियान और तेज होगा, जिससे बिना एनओसी वाले अन्य संस्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
related
खतरे में जिंदगियां: अवैध पटाखा गोदाम में धमाके से हिलीं कईं मकानों की नींव, मलबे की चपेट में आई बच्ची
अमर हुआ खाकी का फर्ज: ब्रेन डेड होने के बाद भी कुलदीप ने निभाया 'रक्षक' का धर्म, अंगदान की पेश की मिसाल
आबादी के करीब मंडराया तेंदुआ, शिकार मुंह में दबोचे दिखा, प्रतापनगर के मांडेवाला गऊशाला क्षेत्र में दहशत
Latest stories
CISF की जांबाज खिलाड़ी ने चीन में गाड़ा जीत का झंडा, रितु श्योराण की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड
पानीपत के 35 गांवों की बदलेगी सूरत, 'मास्टर प्लान' तैयार, जानिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का 'मिशन विलेज'
फिरोजपुर झिरका में सीवर की जहरीली गैस ने छीनी दो मजदूरों की जिंदगी, ठेकेदार फरार, जिम्मेदार कौन?