loader
The Haryana Story | 'बिना अंग्रेजी विदेश में मिलेगी सिर्फ मजदूरी'- राजीव परुथी ने युवाओं को दिखाई जमीनी हकीकत, बिना अंग्रेजी और हुनर के विदेश जाना सिर्फ संघर्ष

'बिना अंग्रेजी विदेश में मिलेगी सिर्फ मजदूरी'- राजीव परुथी ने युवाओं को दिखाई जमीनी हकीकत, बिना अंग्रेजी और हुनर के विदेश जाना सिर्फ संघर्ष

पीसीसी एकेडमी के सेमिनार में युवाओं को मिला सफलता का मंत्र, धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों से रहें सावधान

पानीपत के मॉडल टाउन स्थित पीसीसी एकेडमी में विदेश जाने और वहां शिक्षा प्राप्त करने के सही तरीकों को लेकर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विदेश जाने के सही रास्तों से अवगत कराना और धोखाधड़ी करने वाले एजेंटों से बचाना था। सेमिनार में औज वर्ल्ड एकेडमी की चेयरपर्सन अनीशा मक्कड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में मौके पर मौजूद शिल्पा परुथी ने मुख्य अतिथि औज वर्ल्ड एकेडमी की निदेशक अनीशा मक्कड़ को बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सेमिनार के दौरान छात्रों ने विदेश जाने, वहां पढ़ाई और करियर की संभावनाओं को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका चेयरमैन मैडम ने बेहद सरल और संतोषजनक तरीके से जवाब दिया।

विदेश सिर्फ पढ़ने जाएं, वापस आकर देश की सेवा करें: शिल्पा परुथी 

एकेडमी की को-फाउंडर शिल्पा परुथी ने कहा कि "विदेश जाएं, लेकिन वहां से अच्छी शिक्षा और डिग्री हासिल कर वापस अपने देश लौटें। यहां आकर नौकरी करें या अपना बिजनेस शुरू करें, वह देश और आपके भविष्य के लिए ज्यादा बेहतर रहेगा।"

बिना अंग्रेजी भाषा के विदेश में मिलेगी सिर्फ मजदूरी: राजीव परुथी

प्रसिद्ध शिक्षाविद् व एकेडमी के फाउंडर राजीव परुथी ने युवाओं को जमीनी हकीकत से रूबरू कराते हुए भाषा और स्किल्स के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाषा की अहमियत बताते हुए कहा कि बिना अंग्रेजी भाषा के ज्ञान के विदेश जाने वाले युवाओं को वहां अच्छी नौकरी नहीं मिलती और वे झाड़ू-पोंछा या मजदूरी करने पर मजबूर हो जाते हैं। इसलिए यदि विदेश जाना है, तो अंग्रेजी अच्छे से सीख कर जाएं।

अंग्रेजी भाषा आपकी डिग्री पर लगाती है चार चांद

अंग्रेजी भाषा आपकी डिग्री पर चार चांद लगाती है और उसकी कीमत बढ़ाती है। आज के समय में बिना अंग्रेजी के अपने देश में भी अच्छी नौकरी मिलना लगभग असंभव है। विदेश जाना या न जाना आपका निजी मामला हो सकता है, लेकिन अंग्रेजी सीखना आज की अनिवार्य जरूरत है।

ठग एजेंटों से सावधान रहने की अपील

राजीव परुथी ने युवाओं और अभिभावकों को सचेत करते हुए कहा कि यदि हम शिक्षित होंगे, हमारे पास टैलेंट होगा और अंग्रेजी भाषा पर पकड़ होगी, तो कोई भी फर्जी एजेंट हमें बेवकूफ नहीं बना पाएगा। "बिना तैयारी के कदम बढ़ाने पर ठग एजेंट आपके पैसे ऐंठ लेंगे और फिर आपको पुलिस थानों और चौकियों के चक्कर काटने पड़ेंगे। अपने माता-पिता की खून-पसीने की कमाई को सोच-समझकर और सही जगह ही खर्च करें।"

छात्रों ने जताया आभार

सेमिनार के अंत में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं ने पीसीसी एकेडमी और आए हुए अतिथियों का तहे दिल से धन्यवाद किया। छात्रों का कहना था कि इस तरह के सेमिनार से उन्हें सही मार्गदर्शन मिला है और अब वे उन झूठे एजेंटों के चक्कर में आने से बचेंगे जो भोले-भाले युवाओं को पैसे की ठगी का शिकार बनाते हैं। इस मौके पर सुचेता, उषा, नव्या, रितु, गौरांशी, गरिमा, दीपिका, तान्या आदि उपस्थित रहे।

Join The Conversation Opens in a new tab
×