हरियाणा के पानीपत जिले के मडलौडा कस्बे और आसपास के गांवों में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में हुई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीती रात थाना क्षेत्र के नैन गांव में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। वहीं, एक सप्ताह पहले गांव अलुपुर में लापता युवक का शव सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला था। लोहारी स्कूल के छात्रों में चाकू से हमले की वारदात। इन घटनाओं की आंच अभी थमी भी नहीं थी कि बुधवार को गांव खंडरा स्थित राजकीय स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा के छात्र पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया।
स्कूल टाइम पर हमला, छात्र लहूलुहान
बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे स्कूल की छुट्टी हुई तो ग्यारहवीं कॉमर्स का छात्र सुशील कुमार (15 वर्ष) पुत्र रमेश कक्षा से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान पीछे से आए सागर पुत्र राजेंद्र, वासी बाल जाटान ने चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। बताया जा रहा है कि आठवां पीरियड खाली था और उस दौरान कक्षा में शिक्षक कमरे बैठे थे। जैसे ही छुट्टी हुई और छात्र बाहर निकले तो आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
अध्यापकों ने बचाया, आरोपी फरार
घटना के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। घायल छात्र को उसके भाई रवि व शिक्षकों की मदद से पानीपत के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं।