loader
The Haryana Story | हरियाणा में 2 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी, यमुना के आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट

हरियाणा में 2 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी, यमुना के आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट

यमुनानगर और अंबाला जिलों के लिए गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया

प्रतीकात्मक तस्वीर

मौसम विभाग ने 2 दिनों के लिए हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यमुनानगर और अंबाला जिलों के लिए गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, झज्जर, चरखी-दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, पंचकूला, गुरुग्राम और फरीदाबाद के अधिकांश इलाकों में बारिश की संभावना है। कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और हिसार में कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है। सिरसा और फतेहाबाद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।

कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना

इसी प्रकार, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी और झज्जर जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है। 4 सितंबर को मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके अलावा, 5 सितंबर को नूंह, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश से राहत मिलने की संभावना जताई गई है लेकिन पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी और दादरी व झज्जर जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। फतेहाबाद और सिरसा में भी बारिश की संभावना है।

तटबंध पर बसे 20 से ज्यादा गांव खतरे की जद में

यमुना के आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट, हरियाणा में सभी नदियों उफान पर यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना के आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। हथिनीकुंड बैराज में गत सोमवार रात 12 बजे 2.39 लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह 6 बजे यह 2.08 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। सिरसा में घग्गर नदी में 34,500 क्यूसेक पानी बह रहा है। तटबंध पर बसे 20 से ज्यादा गांव खतरे की जद में हैं। पानी किनारों को छूते हुए बह रहा है। शाम तक पानी बढ़ने की संभावना है। इसके बाद खतरा और बढ़ जाएगा। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंडा नदी में लगभग 27 हजार क्यूसेक पानी था। मारकंडा खतरे के निशान पर बह रही है। हेमामाजरा गांव में नदी का पानी ओवरफ्लो  होकर सड़कों पर आ गया है।

सायरन बजाकर लोगों को यमुना से दूर रहने की चेतावनी दी गई

अंबाला में टांगरी नदी में इस समय लगभग 11 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। हालांकि, अभी यह खतरे के निशान से नीचे है लेकिन अगर पानी और बहता है तो परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मद्देनजर, सरकार ने जनस्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद करने का आदेश जारी किया है। यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज के फ्लड गेट खुलने के बाद बढ़े जल स्तर को देखते हुए प्रशासन ने दिल्ली को पहले ही अलर्ट कर दिया था क्योंकि दिल्ली के निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है। इससे पहले, प्रशासन ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है। साथ ही, सायरन बजाकर लोगों को यमुना से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने यमुना किनारे बसे गांवों को अलर्ट कर दिया है और उन्हें यमुना के किनारे न जाने की सलाह दी है। 

Join The Conversation Opens in a new tab
×