हरियाणा के करनाल जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। ईरान से एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया। वीडियो में दो भारतीय युवकों को डोंकरों द्वारा नग्न कर बेरहमी से पीटा जा रहा है। यह दोनों युवक करनाल जिले के जांबा गांव निवासी 24 वर्षीय ऋतिक और दादुपुर निवासी 40 वर्षीय पवन हैं। दोनों युवक अवैध रूप से डंकी रूट से यूरोप के स्पेन जाने निकले थे, लेकिन ईरान में डोंकरों के चंगुल में फंस गए। डोंकरों ने दोनों को बंधक बना लिया है और उनके परिवारों से 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। धमकी दी गई है कि अगर पैसे नहीं मिले तो दोनों की किडनियां निकालकर बेच दी जाएंगी।
डोंकरों ने धमकी दी : अगर एक घंटे में पैसे नहीं मिले तो उनकी किडनियां निकाल दी जाएंगी
परिजनों ने बताया कि उन्हें डोंकरों की ओर से पीटे जाने का वीडियो भेजा गया है। परिजनों के अनुसार, ऋतिक और पवन 22 अक्तूबर को घर से निकले थे। दोनों ने कोलकाता से बैंकॉक और फिर बैंकॉक से ईरान की यात्रा की। वहां से उन्हें यूरोप भेजा जाना था, लेकिन स्पेन पहुंचने से पहले ही डोंकरों ने उन्हें पकड़ लिया। पहले 9 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई, फिर 13 लाख और अब 20 लाख रुपये की मांग कर दी गई है। डोंकरों ने धमकी दी है कि अगर एक घंटे में पैसे नहीं मिले तो उनकी किडनियां निकाल दी जाएंगी। ऋतिक के भाई अंकित ने बताया कि ऋतिक लंबे समय से विदेश जाने की कोशिश कर रहा था। वह बस्तली गांव के मनीष नामक एजेंट के संपर्क में आया, जिसका दफ्तर कुरुक्षेत्र में है।
अब दोनों की जान खतरे में
इसके अलावा जड़ौला गांव के एजेंट अंकुश ने टिकटें करवाईं। दोनों युवकों ने एजेंटों को लगभग डेढ़-डेढ़ लाख यूरो नकद और 3-4 लाख रुपये एजेंट फीस दी थी। विदेश रवाना होने से पहले सब कुछ सामान्य था, लेकिन अब दोनों की जान खतरे में है। परिजनों का कहना है कि जैसे ही उन्होंने एजेंटों से संपर्क करने की कोशिश की, उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया। परिजनों ने बताया कि दोनों से दो दिन पहले आखिरी बार बात हुई थी। वे डरे हुए थे और कह रहे थे कि उन्हें लगातार पीटा जा रहा है। अब से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा। परिजन एजेंटों के पास गए, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।
परिवार के पास अब भी ईरान के तेहरान की वीडियो और लोकेशन मौजूद
दादुपुर निवासी पवन के परिवार की हालत बेहद खराब है। उसकी 14 साल की बेटी लगातार रो रही है और प्रशासन से अपने पिता को वापस लाने की गुहार लगा रही है। पवन का भाई प्रवीन कुमार ने बताया कि पवन पिछले कई साल से विदेश जाने की कोशिश कर रहा था और आखिरकार मनीष नाम के एजेंट के जरिए उसने यह कदम उठाया। परिवार के पास अब भी ईरान के तेहरान की वीडियो और लोकेशन मौजूद है। कुछ दिन पहले उन्हें कॉल आई थी कि “पवन अब स्पेन पहुंच चुका है, पैसे भेजो”, लेकिन बाद में स्थिति बदल गई और अब डोंकरों की धमकी मिलने लगी।
जब इस मामले में एजेंट मनीष से बात की गई तो उसने खुद को निर्दोष बताया। उसका कहना है कि उसने किसी को नहीं भेजा, न ही उसका इन युवकों से कोई संबंध है। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि दोनों परिवार थाने पहुंचे थे और शिकायत दी कि उनके बेटे ईरान में फंसे हुए हैं। पैसों की डिमांड की जा रही है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और संबंधित एजेंटों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
विदेश में फंसे युवको के परिवार से मिलने के बाद एक्शन मोड में आई करनाल पुलिस
करनाल पुलिस अधीक्षक से करनाल के गांव जांबा और दादूपुर के निवासी मिलने के लिए पहुंचे थे। पीड़ित परिवार ने बताया था कि उनके बेटे यूरोप में जाना चाहते थे लेकिन उनको बीच में ही डोंकरो के द्वारा पकड़ लिया गया है और उनके साथ मारपीट करके बर्बरता की जा रही है। इसकी वीडियो भी परिजनों ने मीडिया और पुलिस को दी थी जिसमें साफ दिखाई दे रहा था कि उनकी पिटाई की जा रही है और 20 लाख रुपए की डिमांड की जा रही है। जिसके चलते पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मिलने के बाद पुलिस थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी। ताकि उनके बच्चे सही सलामत रह सके और एजेंट के खिलाफ कार्रवाई हो सके। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है।
इस प्रकार का जोखिम न उठाएं
करनाल पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि जांबा और दादपुर गांव के दो युवकों को डोंकरो द्वारा पीटने का मामला सामने आया था इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ करनाल के सदर थाना और निगदु थाना में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि और उपयोग के ऊपर कारवाई हो सके। हालांकि जो 16 लोग कुछ हाल ही में अमेरिका से डिपोर्ट होकर आए हैं। उस मामले में किसी से अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है अगर कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी वहीं पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने सभी से अपील की है कि डोंकी से कोई भी विदेश में जाने की ना सोच इससे उनकी जान को भी खतरा हो सकता है और पैसे भी बर्बाद हो सकते हैं तो ऐसे में इस प्रकार का जोखिम न उठाएं।