जींद जिला के गांव कंडेला के निकट शनिवार सुबह घनी धुंध के चलते रोडवेज बस, ट्रक, तेल टैंकर, स्कूल बस की आपस में भिड़ंत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वाहनों में फंसे चालकों को बाहर निकाल उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी की मौत नही हुई। घटना के दौरान जींद-कैथल मार्ग पर जाम भी लग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार सुबह घनी धुंध पड़ी। सुबह के समय गांव कंडेला के निकट रोडवेज बस व ट्रक में भिड़ंत हो गई। इसी दौरान एक तेल टैंकर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से भिड़ गया। वहीं सुबह बच्चों को ले कर स्कल आ रही निजी स्कूल बस भी वाहनों से जा टकराई।
दृश्यता पांच मीटर से भी कम थी
धुंध इतनी थी कि सुबह दृश्यता पांच मीटर से भी कम थी। घटना का जैसे ही स्थानीय लोगों को पता चला तो वो मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की शुरूआत की। बाद में घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वाहनों में फंसे चालक व परिचालक को बाहर निकाल उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में गनीमत यह रही कि स्कूल बस का केवल आगे वाला शिशा टूट गया और सभी बच्चे व ड्राइवर सुरक्षित रहे। हादसे के दौरान जींद-कैथल मार्ग पर जाम लग गया। जिसे पुलिस द्वारा वाहनों को सड़क किनारे करवा कर खुलवाया गया। फिलहाल हादसे में दो चालक व परिचालकों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ
सदर थाना के एसपीओ वीरेंद्र सिंह ने कहा कि घने कोहरे की वजह से हादसा हुआ है। सुबह साढ़े आठ बजे हादसा हुआ है। एक रोडवेज बस और रेत से भरा ट्रक आपस में टकरा गए। वही स्कूल बस भी टकरा गई। हादसे में लोगों को हल्की चोट आई है। एसपी कुलदीप सिंह ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि धुंध के इस मौसम में आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी के घर का चिराग बुझने से बचा सकती है। आपकी समझदारी किसी मां की गोद सूनी होने से बचा सकती है।
जींद पुलिस की एडवाइजरी
- वाहन चलाते समय गति कम रखें, जल्दबाज़ी न करें।
- धुंध में फॉग लाइट व डिपर का सही प्रयोग करें।
- आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
- ओवरटेक करने से बचें, धुंध धोखा दे सकती है।
- दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और रिफ्लेक्टर का उपयोग अवश्य करें।
- पैदल चलने वाले सड़क किनारे चलें और चमकीले, हल्के रंग के कपड़े पहनें।
- यदि धुंध बहुत घनी हो तो वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोक कर हालात सामान्य होने का इंतजार करें।