हरियाणा के रेवाड़ी शहर के एक मोहल्ले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पड़ोसी ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए महज 10 माह की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक बच्ची को खिलाने के बहाने अपने कमरे में ले गया था और ये भी सामने आया है कि उस वक्त युवक नशे की हालत में था। फिलहाल बच्ची की हालत बहुत नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले को लेकर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
अपनी बच्ची के साथ हैवानियत होते देख सन्न रह गए माता-पिता
जानकारी मुताबिक मूल रूप से बिहार का रहने वाला एक परिवार शहर के एक मोहल्ले में किराए पर रहता है। पीड़ित बच्ची का पिता मजदूरी करता है। शनिवार को जब बच्ची की मां घर में खाना बना रही थी और उसका पिता खाना खा रहा था, तभी उनकी 10 माह की बेटी रोने लगी। इसी बीच पड़ोस में किराए पर रहने वाला उत्तर प्रदेश के जिला बहराइच निवासी एक युवक वहां पहुंचा। उसने बच्ची को चुप कराने और खिलाने के बहाने वह उसे अपने कमरे में ले गया। आरोपी युवक उस वक्त नशे की हालत में था। कमरे में ले जाकर आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ हैवानियत की। जब बच्ची के जोर-जोर से रोने और चिल्लाने की आवाज आई तो मां और पिता भागकर पड़ोसी के कमरे में पहुंचे, वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और सन्न रह गए।
बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई
महिला ने तुरंत अपनी बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। वहीं आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत शहर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार को कानूनी मदद भी मुहैया कराई जाएगी
वहीं बच्ची के साथ हैवानियत की सूचना मिलने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की चेयरपर्सन श्रुति शर्मा अपनी टीम के साथ ट्रामा सेंटर में पहुंची। टीम ने चिकित्सकों से बच्ची की स्थिति और उपचार की जानकारी ली। चेयरपर्सन ने कहा कि सीडब्ल्यूसी द्वारा बच्ची को पूरा उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। बच्ची के परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार को आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा रही है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पीड़ित परिवार को कानूनी मदद भी मुहैया कराई जाएगी। डीएसपी डॉ रविन्द्र कुमार ने कहा कि आरोपी युवक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए है। इस मामले में पुलिस एक माह में जांच पूरी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में चार्जशीट दायर करेगी और आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
related
आईपीएस अधिकारी आत्महत्या मामले में बढ़ सकती है सरकार की टेंशन, आरपार की लड़ाई और मांगों पर अड़ा परिवार
आईपीएस अधिकारी आत्महत्या मामला : चार दिन बाद भी नहीं हुआ शव का पोस्टमार्टम, आईएएस पत्नी ने FIR पर जताया एतराज